घर से स्कूल की बजाय नदी नहाने पहुंच गए दोस्त, एक छात्र की डूबने से मौत
कटनी: घर से स्कूल पढ़ाई करने को निकले शहर के छह बच्चे दोपहर को स्कूल छोड़कर कटनी नदी के कटाएघाट पहुंच गए। सभी नहाने के लिए नदी में उतरे और गहरे पानी में चले जाने से एक छात्र डूब गया। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी।
एसडीआरएफ की मदद से बच्चे को खोजा गया और पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची। जहां पर जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार बरगवां निवासी गुरू प्रसाद तिवारी उर्फ हर्षित 14 साल माधवनगर के डायमंड स्कूल में कक्षा नवमीं का छात्र था।
सुबह वह घर से स्कूल जाने के लिए निकला था। दोपहर को वह अपने स्कूल के ही दोस्त आरिफ पिता मो. इकबाल खान 14 वर्ष बरगवां, मो. हैसलियन पिता मो. सरीफ 14 वर्ष निवासी कोतवाली के सामने, अंश गुप्ता पिता जगदीश प्रसाद गुप्ता 14 वर्ष निवासी भट्टा मोहल्ला मदन मोहन चौबे वार्ड, मोहम्मद पिता मो. रशीद खान 14 वर्ष निवासी कोतवाली के सामने, शिवकुमार साहू पिता भोला राम साहू 14 वर्ष निवासी बरगवां के साथ कटनी नदी कटाएघाट पहुंच गया। जहां पर सभी दोस्त नहाने के लिए एनीकट के पास पानी में उतर गए। सभी बच्चे किनारे पर नहा रहे थे और हर्षित उनसे थोड़ी आगे गहरे पानी में चला गया। जहां वह डूबने लगा। आसपास की बस्ती के लोगों ने उसे डूबता देखकर बचाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। लोगों ने घटना की जानकारी माधवनगर पुलिस को दी।
Comments
Post a Comment